कप्तान के अगुवाई पर धरातल पर उतर रही खाकी, अपराधियों पर कस रही शिकंजा, पुलिस की सख्ती के चलते अपहरण कर्ता के हौसले हुए पस्त
बच्ची को किया चोरी, नशे का आदी है आरोपी, बच्ची से मंगवाना चाहता था भीख, गिरफ्तार
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। हरिद्वार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर धरातल पर उतरकर खाकी एक के बाद एक खुलासा कर अपराधियों पर शिकंजा कसती जा रही है। वही लगातार क्षेत्र में सघन चेकिंग के साथ पुलिस की सख्ती को देखते हुए अपराधी के हौसले पस्त हो गए और वह बच्ची को छोड़कर फरार हो गया।
हरिद्वार नगर कोतवाली पुलिस ने रविवार को दो वर्षीय बच्ची चोरी प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गौरतलब है कि 19 फरवरी को तुलसी चौक स्थित एचआरडीए पार्क के फुटपाथ पर एक युवक द्वारा मां के पास सो रही 2 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर फरार हो गया था, सूचना मिलते ही तत्काल एसएसपी ने संज्ञान लेते हुए बच्ची को सकुशल बरामद करने के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित कर बच्ची को 4 घंटे के अंदर ही ऋषिकुल चौक बस स्टॉप के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया, जिसका खुलासा एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा किया गया था और फरार आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर सख्त निर्देश दिये थे।
हरिद्वार पुलिस द्वारा लगातार अपहरणकर्ता को लेकर दबिश दी जा रही थी। साथ ही टीमों द्वारा 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन एवं तकनीकी/मैनुअल विश्लेषण किया गया। विवेचना के दौरान नाबालिग के अपहरणकर्ता के रूप में रवि कुमार पुत्र सुरेश कुमार निवासी निकट राधाकृष्ण आश्रम, सोनी ज्वैलर्स के पास, कोतवाली ज्वालापुर, जनपद हरिद्वार, उम्र 28 वर्ष की पहचान हुई।
वहीं इस बाबत पर हरिद्वार एसपी सिटी अभय प्रताप ने बताया कि आरोपी की तलाश में निरंतर दबिश दी जा रही थी। उन्होंने बताया कि रविवार रात्रि में श्रीराम घाट के सामने पार्क के पास, नहर पटरी मायापुर क्षेत्र से आरोपी रवि कुमार को हिरासत में लिया गया। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी द्वारा बताया गया कि वह नशे का आदी है। अगले दिन वह बालिका को अन्य शहर ले जाकर उससे भीख मंगवाकर नशे के लिए धन अर्जित करने की योजना बना रहा था।
हरिद्वार पुलिस द्वारा बच्चों की सुरक्षा हेतु सतत सतर्कता बरती जा रही है। आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।









