हरिद्वार

Video: विष्णु घाट में आधी रात धमाका, आग की लपटों से दहला घाट क्षेत्र

चिराग कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे विष्णु घाट क्षेत्र में पकोड़े व खस्ता कचौरी के खोखों में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आशंका जताई जा रही है कि आग गैस सिलेंडर फटने से लगी। धमाका इतना तेज था कि आसपास के होटलों में ठहरे यात्रियों और स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक जोरदार धमाके के साथ आग की लपटें उठीं, जिससे लोग घबराकर कमरों से बाहर निकल आए। कई यात्रियों ने चीखना-चिल्लाना शुरू कर दिया, जबकि बच्चे भय के कारण रोने लगे। घटना के समय अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, जिससे स्थिति और अधिक भयावह हो गई।

खोखों के ठीक सामने स्थित होटलों में ठहरे परिवार अब भी सहमे हुए हैं। आग की लपटों ने कुछ ही मिनटों में खोखों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे संचालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और संबंधित विभाग को अवगत कराया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के बाद घाट क्षेत्र में गैस सिलेंडरों के उपयोग और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

Related Articles

Back to top button