हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। लक्सर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पीड़िता की मां की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। जानकारी के अनुसार बीती 26 फरवरी को क्षेत्र की एक महिला ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किया गया है और विरोध करने पर गाली-गलौज भी की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ शुरू कर दी थी। पुलिस टीम ने सक्रिय कार्रवाई करते हुए आरोपी सोहन निवासी सुल्तानपुर आदमपुर कस्बा, लक्सर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है। इस कार्रवाई में एसआई प्रियंका नेगी, कांस्टेबल किशोर नेगी और होमगार्ड सरस्वती सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही लक्सर पुलिस का कहना है कि महिला और बाल अपराधों के मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।








