
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(अक्षय कुमार) हरिद्वार। राजकमल साइंस एंड मैनेजमेंट कालेज हरिद्वार के छात्र-छात्राओं ने होली मिलन समारोह रंगोत्सव और उमंग के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं तथा गुरुजनों को गुलाल अर्पित कर उनके चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
राजकमल कॉलेज के प्राचार्य डॉ राघवेंद्र चौहान ने कहा कि रंगों के इस पावन पर्व को हर्ष-उल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाना चाहिए। होली प्रेम, सौहार्द और एकता का संदेश देती है। यह पर्व अमीरी-गरीबी एवं जात-पात के भेदभाव को मिटाकर समाज में समरसता स्थापित करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि होली महोत्सव भारत के विभिन्न प्रदेशों में अलग-अलग परंपराओं के साथ मनाया जाता है, जो देश की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाता है। मनीष चौहान प्रबंधक अशोका इंटरनेशनल एकेडमी ने कहा कि होली ईर्ष्या द्वेष और नफरत रूपी मन के सभी मैल को दूर कर जीवन में नया सकारात्मक रंग भरने का पर्व है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल होली खेलने की सलाह देते हुए सभी को शुभकामनाएँ दीं। एडवोकेट आशीष चौहान कानूनी सलाहकार राजकमल कॉलेज ने कहा कि होली आपसी एकता, भाईचारा और सद्भाव को बढ़ावा देने वाला त्योहार है। समाज में फैल रहे मनमुटाव और विभेद को दूर करने में इस पर्व की महत्वपूर्ण भूमिका है। रंग और गुलाल जीवन में सकारात्मकता और खुशियों के रंग भरने का प्रतीक हैं।
होली मिलन समारोह कार्यक्रम में श्रीमती राजेश देवी, सचिव राजकमल कॉलेज, प्रबंध समिति सदस्य दुष्यंत प्रताप, नितिन चौहान सहित महाविद्यालय के प्रवक्तागण डॉ. नीरज शर्मा, डॉ. अनिरुद्ध कुमार, प्रवीण कुमार, अजय कुमार, विनीत कुमार, सिया पाल, इशिका पंडित, नैनसी चौहान, नितिन शर्मा, अरबाब राव, प्रिया सैनी, रवि कुमार, फ़िज़ा राव, राजदेव रावत ने छात्र-छात्राओं को होली की ढेरों शुभकामनाएं दी।









