लोक भवन में तीन दिवसीय बसंतोत्सव 2026 का भव्य समापन
राज्यपाल गुरुमीत सिंह ने प्रो० डॉ नरेश चौधरी को किया सम्मानित
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। देहरादून स्थित लोक भवन में आयोजित तीन दिवसीय बसंतोत्सव 2026 का समापन समारोह अत्यंत गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में लाखों दर्शकों ने पुष्प प्रदर्शनी एवं विभिन्न स्थानीय उत्पादों के स्टालों का अवलोकन कर उत्सव का आनंद लिया तथा लोक भवन को नजदीक से देखने का अवसर प्राप्त किया। प्रदर्शनी के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिनमें विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान गुरुमीत सिंह (राज्यपाल, उत्तराखण्ड) ने ऋषिकुल आयुर्वेद महाविद्यालय के प्रो. डॉ. नरेश चौधरी को बसंतोत्सव 2026 के उत्कृष्ट संचालन एवं संयोजन के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया। उन्हें प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रो. डॉ. नरेश चौधरी, जो शरीर रचना विभागाध्यक्ष होने के साथ-साथ नेशनल मैनेजिंग बॉडी, इंडियन रेडक्रॉस (महामहिम राष्ट्रपति की अध्यक्षता वाली 12 सदस्यीय सर्वोच्च इंडियन रेडक्रॉस बॉडी) के सदस्य भी हैं, ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राज्यपाल गुरुमीत सिंह ने सम्मानित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने मूल दायित्वों का निर्वहन करता है, किंतु जो व्यक्ति अपने नियमित कार्यों के साथ सामाजिक सेवा में भी समर्पित भाव से योगदान देता है, वह विशेष सम्मान का पात्र होता है। उन्होंने कहा कि डॉ. नरेश चौधरी की सेवाएं इसका उत्कृष्ट उदाहरण हैं। समापन समारोह में उपस्थित पुष्कर सिंह धामी (मुख्यमंत्री, उत्तराखण्ड), गणेश जोशी (कृषि मंत्री), विधायक खजान दास एवं श्रीमती सविता कपूर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी डॉ. नरेश चौधरी को सम्मान प्राप्त होने पर बधाई दी। उत्तराखण्ड के उद्यान एवं कृषि सचिव डॉ. एस.एन. पाण्डेय ने डॉ. चौधरी के उत्कृष्ट सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि वे किसी भी विभाग द्वारा दिए गए दायित्व को सहर्ष स्वीकार कर अपनी कर्मठ कार्यशैली से सफलतापूर्वक पूर्ण करते हैं।
उद्यान विभाग के निदेशक एस.एल. सेमवाल ने भी विभाग की ओर से आभार व्यक्त किया। उत्तराखण्ड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी, कुल सचिव नरेन्द्र सिंह कुरियाल, परिसर निदेशक प्रो. अनूप गक्कड सहित अनेक अधिकारियों ने डॉ. नरेश चौधरी को विशेष बधाई दी। सम्मान प्राप्त करने के उपरांत डॉ. नरेश चौधरी ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री एवं उद्यान विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सम्मान उनके लिए अमूल्य पूंजी हैं, जो उन्हें और अधिक ऊर्जा एवं समर्पण के साथ सामाजिक सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि शुभचिंतकों की निरंतर मिल रही शुभकामनाएं उनके लिए सदैव शक्ति का स्रोत बनी रहती हैं।









