रुड़की में चल रहा था मौत के समान का अड्डा, आरोपी गिरफ्तार
गंगनहर पुलिस का बड़ा खुलासा, अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार जिले में स्थित रुड़की क्षेत्र में मौत के समान का अड्डा चल रहा था, पुलिस की छापेमारी से रुड़की वासियों के होश उड़ गए और अवैध असलहा फैक्ट्री से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं जिले भर में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गंगनहर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध असलहा बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से कई अवैध तमंचे, अधबने हथियार और उन्हें तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया सूचना मिली थी कि सुनहरा सलेमपुर रोड स्थित एक वर्कशॉप में अवैध हथियारों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने जेपीएस टोटल सोल्यूशन वर्कशॉप पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 6 अवैध तमंचे, एक अधबनी पिस्टल और एक अधबनी .22 बोर राइफल बरामद की। इसके अलावा बड़ी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण, डाई फॉर्मा खराद मशीन और जिंदा व खोखा कारतूस भी बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से एक जावेद नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पुश्तैनी काम खराद मशीन वर्क का है और इसी तकनीकी हुनर का इस्तेमाल कर वह अपनी वर्कशॉप में डाई तैयार कर अवैध तमंचे और पिस्टल बनाता था। एसएसपी का कहना है पुलिस आरोपी जावेद के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह इन हथियारों की सप्लाई किन लोगों को करता था। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में इस अवैध असलहा नेटवर्क से जुड़े कई और लोगों के नाम सामने आ सकते हैं।









