मायादेवी पार्किंग हत्याकांड का 8 घंटे में खुलासा, साथी ही निकला कातिल
चिराग कुमार हरिद्वार संवाददाता
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। कोतवाली नगर क्षेत्र में मायादेवी मंदिर पार्किंग में मिले लावारिस शव के मामले में हरिद्वार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 8 घंटे के भीतर हत्या का सनसनीखेज खुलासा कर दिया। इस मामले में मृतक का ही साथी हत्यारोपी निकला, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 25 मार्च 2025 की है, जब स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि पार्किंग क्षेत्र में दो व्यक्तियों के बीच मारपीट हो रही है और एक युवक दूसरे के सिर पर पत्थर से हमला कर रहा है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। पुलिस उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान न होने के चलते पुलिस ने खुद वादी बनकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया और जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने फोरेंसिक साक्ष्य जुटाते हुए तेजी से कार्रवाई की।
जांच के दौरान पुलिस ने ललतारा पुल के पास से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पिछले 15 दिनों से मृतक के साथ कूड़ा बीनने का काम कर रहा था। घटना वाले दिन दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। आरोपी के अनुसार, नशे की हालत में मृतक ने उसके साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की। कई बार मना करने के बावजूद जब मृतक नहीं माना तो गुस्से में आकर आरोपी ने पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर 2-3 वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर (आला कत्ल) भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी संजीव (20 वर्ष), निवासी सिरसी रहमतपुर, जिला संभल (उत्तर प्रदेश) को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है, जिसके लिए पुलिस प्रयासरत है। इस पूरे मामले में हरिद्वार पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की जा रही है।









