हरिद्वार

अवैध असलहा सप्लाई करने पहुंचे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक को लगी गोली

बहादराबाद में पुलिस पर फायरिंग कर गन्ने के खेत में भागा बदमाश, घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोचा दो पिस्टल और तमंचा बरामद

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई करने पहुंचे तीन बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और एक देशी तमंचा बरामद हुआ है। बता दे आज पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रैंड लज्जा के पास कुछ बदमाश अवैध पिस्टल की सप्लाई करने आने वाले हैं। सूचना मिलते ही बहादराबाद पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर एंबुश लगा दिया। पुलिस टीम ने मौके से विशाल और भूपेंद्र को पकड़ लिया, जबकि उनका तीसरा साथी मुकुल पुलिस को देखकर गन्ने के खेत की ओर भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा किया तो मुकुल ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मुकुल के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे भी दबोच लिया और उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पकड़े गए आरोपी विशाल निवासी वाल्मीकि बस्ती बहादराबाद, भूपेंद्र पुत्र निवासी मंसूरपुर झोरा, मुजफ्फरनगर और घायल मुकुल बमोरी, थाना सरधना, मेरठ का रहने वाला है पुलिस ने मुकुल के कब्जे से दो पिस्टल और जिंदा कारतूस, जबकि भूपेंद्र के कब्जे से एक देशी तमंचा बरामद किया है। मुठभेड़ की सूचना पर एसएसपी नवनीत सिंह भी अस्पताल पहुंचे और घायल बदमाश के उपचार की जानकारी लेने के साथ घटनाक्रम के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Back to top button