पीएनजी गैस कनेक्शन से होटल व धर्मशालाओं की एलपीजी समस्या होगी दूर
चिराग कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। जनपद में होटल और धर्मशालाओं में हो रही एलपीजी गैस की समस्या को दूर करने के लिए पीएनजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की पहल शुरू की गई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार नगर मजिस्ट्रेट श्रीमती कुश्म चौहान की अध्यक्षता में नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में होटल एसोसिएशन एवं धर्मशालाओं के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि चार धाम यात्रा को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी प्रतिष्ठानों को पीएनजी गैस कनेक्शन के लिए आवेदन करना अनिवार्य है। उन्होंने सभी होटल और धर्मशालाओं के पदाधिकारियों से अपील की कि वे आपस में बैठक कर इसका व्यापक प्रचार करें, ताकि अधिक से अधिक व्यावसायिक प्रतिष्ठान आवेदन कर सकें।
बैठक में प्रबंधक पीएनजी गैस को निर्देश दिए गए कि सभी आवेदनों को शीघ्रता से पूरा किया जाए और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। इंडियन ऑयल और बीपीसीएल एजेंसियों के पदाधिकारियों से भी कहा गया कि वे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की मांग के अनुसार गैस आपूर्ति के लिए विशेष प्रबंध करें।
इंडियन ऑयल के अधिकारी मयंक कुमार ने बताया कि वर्तमान में गैस एजेंसियों में कोई कमी नहीं है। उन्होंने होटल और धर्मशालाओं को निर्देश दिया कि वे आवेदन में अपने पिछले उपयोग और एजेंसी का विवरण दें, ताकि व्यवसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल, बीपीसीएल अश्वनी कुमार, प्रबंधक पीएनजी प्रांशु वालियान, धर्मशाला समिति (रजि) महेश गौड़, बजट होटल एसोसिएशन कुलदीप शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









