चौदस पर दो दिवसीय मेले का भंडारे के साथ हुआ समापन, गणमान्यजन रहे मौजूद
इमरान देशभक्त रुड़की प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(इमरान देशभक्त) रुड़की। सोलानी नदी शमशान घाट समिति, रजि० के तत्वाधान में आयोजित दो दिवसीय मेले के समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। चैत्र नवरात्र चौदस के उपलक्ष पर माता बाला सुंदरी के वार्षिक मेले में बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि ईश्वर और संतो के नाम पर किया गया कोई भी दान या भंडारा जहां आत्मिक सुख प्रदान करता है, वहीं ईश्वर की ओर से भी कृपा मिलती है। उन्होंने कहा कि बाबा पूरणनाथ ने अपने जीवन में सभी वर्ग-धर्म के लोगों का कल्याण किया। उनकी दृष्टि में हिंदू-मुसलमान सब बराबर थे और सभी को उनका आशीर्वाद प्राप्त रहता था, जो भंडारा आयोजित किया गया है यह भी पुण्य का कार्य है। युवा भाजपा नेता व फोनिक्स यूनिवर्सिटी के चेयरमैन इंजी० चैरब जैन ने कहा कि आध्यात्मिक और धार्मिक आयोजनों से सामूहिक सेवा भावना और नारायण सेवा की भावनाओं को बल मिलता है। यही हमारे वैदिक धर्म की विशेषता भी है। उन्होंने कहा कि संतों की नजर में केवल मानवता ही सबसे बड़ा धर्म होता है। युवा कांग्रेस नेता प्रणय प्रताप सिंह ने कहा कि बाबा पूरणनाथ ने अपना जीवन त्याग, कल्याण, सेवा तथा जनमानस के भलाई के लिए समर्पित रखा, इसलिए आज उनको हम सब याद रखते हैं। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष ठाकुर मंगू सिंह, महामंत्री धर्मपाल जाटव, पार्षद संजीव राय टोनी, चंद्र प्रकाश बाटा, कर्ण सिंह, राजेश राणा, अनूप बंसल, योगेंद्र प्रताप सिंह, जगमोहन पटवा, कुम्भनी माथुर, संजय सेवक, अंश ठाकुर, पंकज ठाकुर, प्रियांश आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।









