हरिद्वार

भेल रानीपुर में सैनी समाज का 46वां वार्षिक उत्सव धूमधाम से सम्पन्न, राज्य मंत्री सुनील सैनी रहे मुख्य अतिथि

नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। भेल रानीपुर स्थित सैनी समाज द्वारा 46वां वार्षिक उत्सव बड़े ही धूमधाम और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री सुनील सैनी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भेल हरिद्वार कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के लोगों की भारी भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम के दौरान सैनी समाज के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने संबोधन में सुनील सैनी ने कहा कि हरिद्वार का सैनी समाज सशक्त और समृद्ध है तथा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के बच्चे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

कार्यक्रम में भेल रानीपुर सैनी समाज के अध्यक्ष राजीव सैनी, उपाध्यक्ष मनोज सैनी, सचिव योगेश कुमार सैनी, सह सचिव अनूप सैनी, कोषाध्यक्ष कमल सैनी, डॉ. महिपाल सैनी, कवि किसले सैनी, विनय सैनी, अंशु कुमार, विनीत सैनी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। राज्य मंत्री ने सभी आयोजकों को भव्य आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि आगामी वर्ष और भी भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें और “सेवा ही परम धर्म” के सिद्धांत को अपनाते हुए अपने जीवन को सफल बनाएं।

इस अवसर पर महात्मा ज्योतिबा फुले और माता सावित्रीबाई फुले को भी श्रद्धापूर्वक याद किया गया। सुनील सैनी ने कहा कि महात्मा फुले ने समाज सुधार और शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए, जिनसे प्रेरणा लेकर हमें आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में समाज के संस्थापकों और वरिष्ठ जनों को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया गया। आयोजकों ने समाज की एकता को और मजबूत करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button