ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब व सट्टे में लिप्त 8 गिरफ्तार
चिराग कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने नशा तस्करों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें 7 आरोपी अवैध शराब के धंधे में लिप्त पाए गए, जबकि एक आरोपी सट्टा कारोबार करते हुए पकड़ा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में 5 अप्रैल को चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध देशी शराब के कुल 172 टैट्रा पैक बरामद किए गए, साथ ही एक आरोपी के पास से 5180 रुपये नकद, एक पेन व एक पॉकेट डायरी भी बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में नीशू शर्मा उर्फ बिजली, पीयूष प्रकाश, सत्यवीर सिंह, भावुक गुलाटी, शिवम गुप्ता उर्फ कल्लू, सुजल सैनी, दिनेश और कार्तिक शामिल हैं। सभी के खिलाफ आबकारी अधिनियम एवं जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इस अभियान में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक दीपक ध्यानी सहित पुलिस टीम के अन्य कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।









