हरिद्वार की गूंज (24*7)
(अक्षय कुमार) हरिद्वार। जनपद को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने के उद्देश्य से जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को स्वच्छता अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने की, जिसमें विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि अभियान को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।
समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि कुछ अधिकारियों द्वारा सफाई कार्यों की रिपोर्ट समय पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जिसे गंभीर स्थिति मानते हुए सीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन किए गए कार्यों की सूचना अनिवार्य रूप से कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 8273371714 पर उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में हरिद्वार को स्वच्छ एवं सुंदर जनपद बनाना प्राथमिक लक्ष्य है। साथ ही आगामी चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए तीर्थयात्रियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, एचआरडीए सचिव मनीष कुमार, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, परियोजना निदेशक नलिनी घीड़याल, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी तथा स्वच्छता अभियान के नोडल अधिकारी चंद्रकांत मणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









