हरकी पैड़ी पर ‘नो एंट्री’ विवाद के बीच धर्म परिवर्तन का मामला गरमाया
गंगा सभा ने जताई नाराजगी, नियम उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी: अध्यक्ष नितिन गौतम
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(राजेश पसरीचा) हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार स्थित हरकी पैड़ी पर रविवार को एक पदयात्रा के पहुंचने के साथ ही धार्मिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई। बिजनौर के गंगापुर बैराज से शुरू हुई यह दो दिवसीय यात्रा हरकी पैड़ी पहुंची, जहां कुछ लोगों द्वारा इस्लाम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपनाने और गंगा स्नान करने का दावा किया गया।

इस घटनाक्रम ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब हरकी पैड़ी क्षेत्र में गैर हिंदुओं की एंट्री को लेकर पहले से जारी प्रतिबंध के बीच कुछ लोगों के प्रवेश की सूचना सामने आई। गंगा सभा के पदाधिकारियों को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
गंगा सभा (रजि.) के अध्यक्ष नितिन गौतम ने बताया कि प्रशासन ने पूर्व में सूचना दी थी कि कुछ लोग हिंदू धर्म अपना चुके हैं और सनातन परंपरा के तहत गंगा स्नान के लिए आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में गंगा सभा सहयोग के लिए तैयार रहती है और सनातन से जुड़ने वालों का स्वागत है।

हालांकि, उन्होंने वीडियो में कुछ लोगों के पारंपरिक टोपी पहनकर हरकी पैड़ी क्षेत्र में प्रवेश करने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि यदि तीर्थ क्षेत्र की मर्यादा भंग हुई है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर पुरोहित उज्जवल पंडित ने कहा कि जिन्होने आस्था के साथ खिलवाड़ किया है उनपर गंगा सभा रजि० मुकदमा दर्ज करवाएगी। उन्होंने एक स्थानीय नेता की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी ने धार्मिक आस्था का दुरुपयोग किया है तो उसका बहिष्कार किया जाएगा। फिलहाल, प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।









