हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। देहरादून के डीएवी कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी सिंगर द्वारा मंच से की गई अभद्र भाषा अब सियासी मुद्दा बन गई है। इस पूरे मामले पर पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने जहां इस घटना को शर्मनाक बताया, वहीं खानपुर विधायक उमेश कुमार के बयान “जहां खड़े, सरकार से बड़े” पर भी तीखा हमला बोला है। आनंद ने सिंगर मासूम शर्मा की गिरफ्तारी और विधायक पर कार्रवाई की मांग की है।
देहरादून के डीएवी कॉलेज में हुए कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा द्वारा कथित तौर पर मंच से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। इस घटना के बाद अब सियासत तेज हो गई है। पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने इसे शिक्षा के मंदिर का अपमान बताते हुए कड़ी निंदा की है।
राविंद्र सिंह आनंद ने खानपुर के निर्दलीय विधायक उमेश कुमार को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनका “जहां खड़े, सरकार से बड़े” वाला बयान अहंकार को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा और आचरण लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है और इससे मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि अगर इसी मंच पर कोई विपक्षी नेता होता, तो बीजेपी सड़कों पर उतर आती, लेकिन अब चुप्पी साधी जा रही है। आनंद ने इसे बीजेपी की मिलीभगत करार देते हुए कहा कि इस पूरे मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पूर्व राज्य मंत्री ने मांग की है कि सिंगर मासूम शर्मा की गिरफ्तारी हो और विधायक उमेश कुमार पर भी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।









