सप्तऋषि हाईवे हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच, डीएम मयूर दीक्षित ने दिए आदेश
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। सप्तऋषि के पास सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जारी कर दिए हैं। दुर्घटना में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 36 लोग घायल हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार प्रातः करीब 7:30 बजे सप्तऋषि के निकट हाईवे पर ट्रक संख्या UK08 CB 8077 और यात्री बस संख्या AR06C 9063 की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई, जबकि ट्रक सड़क किनारे स्थित श्रीराम ढाबे में जा घुसा। बस में राजस्थान के 45 यात्री सवार थे। हादसे में 36 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए मेला चिकित्सालय भेजा गया। दुर्घटना में एक महिला यात्री की मृत्यु हो गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा को जांच मजिस्ट्रेट नियुक्त करते हुए दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने जांच अधिकारी को निर्देशित किया है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर पांच दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकें।









