आवारा पशुओं का बढ़ता आतंक, सड़कों पर निकलना खतरे से खाली नहीं
टक्कर मारकर एक व्यक्ति को किया घायल, प्रशासन की उदासीनता पर उठ रहे सवाल
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। शहर क्षेत्रों की सड़कों पर आवारा पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। मुख्य मार्गों से लेकर गली-मोहल्लों तक आवारा पशुओं ने अधिकतर डेरा जमा रखा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। आए दिन इन पशुओं के कारण लोग चोटिल भी हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस गंभीर समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं है। ताजा मामला उस समय सामने आया जब हरिद्वार से बीएचईएल की ओर एक व्यक्ति अपनी स्कूटी से ऑफिस जा रहा था। तभी अचानक बीएचईएल रोड पर एक आवारा पशु ने अचानक उस व्यक्ति को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसके हाथ में फ्रैक्चर होने की पुष्टि की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की लगभग हर सड़क और गली में आवारा पशु घूमते देखे जा सकते हैं। कई बार यह पशु आपस में लड़ते हुए सड़क पर दौड़ पड़ते भी हैं, जिससे दुर्घटनाएं होने का खतरा और बढ़ जाता है। इसके बावजूद संबंधित विभाग और प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई करता नजर नहीं आ रहा है। नागरिकों का आरोप है कि जब तक कोई बड़ी घटना नहीं होती, तब तक प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जाता है। लोगों ने आवारा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजने तथा इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके और सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके। आवारा पशुओं पर नियंत्रण नहीं, तो हादसे होते रहेंगे, यह चिंता अब आम नागरिकों की जुबान पर है, लेकिन देखना यह होगा कि प्रशासन कब जागता है और इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम कब तक उठाता है।









