डीएम के निर्देश पर लक्सर में अवैध मावा फैक्ट्रियों पर छापा, दो इकाइयां सील, मुकदमे की तैयारी
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर हरिद्वार प्रशासन ने लक्सर क्षेत्र में अवैध खाद्य निर्माण इकाइयों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध फूड लाइसेंस संचालित दो मावा निर्माण इकाइयों को बंद करा दिया। दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर अग्रिम आदेश तक सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है, जबकि संचालकों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। गुप्त सूचना के आधार पर अपर आयुक्त खाद्य सुरक्षा गढ़वाल मंडल आर.एस. रावत के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग, लक्सर तहसील प्रशासन और थाना लक्सर पुलिस की संयुक्त टीम ने खरंजा कुतुबपुर स्थित मावा निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, तहसीलदार लक्सर, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन सहित पुलिस टीम मौजूद रही। जांच में पाया गया कि कुरबान और इलियास नाम व्यक्ति बिना वैध फूड लाइसेंस के मावा निर्माण और दूध विक्रय का कारोबार संचालित कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा से जुड़े आवश्यक दस्तावेज और वैधानिक अभिलेख भी उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इसके चलते दोनों इकाइयों को तत्काल प्रभाव से बंद करने के नोटिस जारी कर दिए गए। टीम ने दोनों इकाइयों से मावा निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे दूध के तीन नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस खाद्य पदार्थों का निर्माण व बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।









