हरेला पर्व पर हरिद्वार में 30 हजार पौधे रोपने का संकल्प, सतपाल महाराज ने किया रुद्राक्ष का पौधारोपण
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। उत्तराखंड के लोक पर्व हरेला के अवसर पर हरिद्वार के नगर वन देवपुर में वन विभाग द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री व जिला प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने रुद्राक्ष का पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रकृति संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और प्रत्येक परिवार से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था, कृतज्ञता और संरक्षण का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और घटते वन क्षेत्र जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए जनभागीदारी के साथ व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार को हरित और स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से हरेला पर्व पर जले में 30 हजार पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड की प्राकृतिक संपदा, वन और नदियां राज्य की पहचान होने के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय लोगों की आजीविका का भी आधार हैं। इसलिए पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन विकास एक दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने लोगों से पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने की अपील की। वही अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रवीन्द्र पुरी महाराज ने हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति की पूजा की परंपरा रही है। उन्होंने लोगों से वट, पीपल और नीम जैसे अधिक ऑक्सीजन देने वाले पौधों का रोपण और संरक्षण करने का आह्वान किया। गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने जल स्रोतों की सुरक्षा और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण पर जोर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों का पौधे भेंट कर सम्मान किया गया। संचालन एसडीओ वन विभाग पूनम कैंथोला ने किया। इस अवसर पर मेयर किरण जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, डॉ. जयपाल सिंह चौहान, लव शर्मा, आशु चौधरी, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, अपर मुख्य वन संरक्षक सुरेंद्र मेहरा, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, वन विभाग के कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।









