हरिद्वार

परिवहन विभाग की पहल: अब QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी हर सेवा की जानकारी, शुरू हुआ ऑफिस असिस्टेंस चैटबॉट

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। आमजन को परिवहन विभाग से जुड़ी सेवाओं की जानकारी आसान, तेज और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संभागीय परिवहन कार्यालय (RTO), हरिद्वार ने एक नई डिजिटल पहल करते हुए ‘ऑफिस असिस्टेंस चैटबॉट’ की शुरुआत की है। इस पहल के तहत कार्यालय परिसर के विभिन्न स्थानों पर QR कोड युक्त स्टैंड लगाए गए हैं, जिन्हें स्कैन कर नागरिक अपने मोबाइल फोन पर ही परिवहन विभाग की विभिन्न सेवाओं से जुड़ी पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस चैटबॉट के माध्यम से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन), रोड टैक्स, परमिट, वाहन फिटनेस, ग्रीन कार्ड समेत परिवहन विभाग की विभिन्न सेवाओं की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, निर्धारित शुल्क और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियाँ सरल एवं त्वरित रूप से उपलब्ध होंगी। इससे लोगों को छोटी-छोटी जानकारियों के लिए बार-बार काउंटर पर पूछताछ नहीं करनी पड़ेगी, जिससे समय की बचत होगी और कार्यालय में पारदर्शिता व कार्यकुशलता भी बढ़ेगी। इसके साथ ही कार्यालय में लाइव टोकन डिस्प्ले सिस्टम भी संचालित किया जा रहा है। इस डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से आवेदक अपने टोकन की वर्तमान स्थिति और संबंधित काउंटर की जानकारी कार्यालय में लगी डिजिटल स्क्रीन पर आसानी से देख सकते हैं। इससे प्रतीक्षा व्यवस्था अधिक व्यवस्थित और सुगम हो गई है तथा अनावश्यक भीड़ कम करने में भी मदद मिलेगी। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) हरिद्वार निखिल शर्मा ने बताया कि नागरिक सेवाओं को आधुनिक, सरल और डिजिटल बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आमजन से अपील की कि कार्यालय आने पर QR कोड स्कैन कर ऑफिस असिस्टेंस चैटबॉट का उपयोग करें और परिवहन विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही डिजिटल सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएँ। यह पहल डिजिटल इंडिया और ई गवर्नेंस की दिशा में हरिद्वार परिवहन विभाग का एक सराहनीय प्रयास है, जिससे नागरिकों को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

Related Articles

Back to top button