लक्सर

नाबालिग से गैंगरेप कांड का पांच दिन में खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, जंगल में वारदात से मचा था हड़कंप

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज पांच दिन के भीतर खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पथरी पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई की रात सुल्तानपुर क्षेत्र की एक नाबालिग अपने परिचित युवक के साथ फुलगढ़ के जंगल के पास मौजूद थी। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ युवकों ने दोनों को रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट कर उसे जबरन अलग कर दिया और नाबालिग को जंगल की ओर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के अगले दिन, 13 जुलाई को पीड़िता के पिता की तहरीर पर पथरी थाने में भारतीय न्याय संहिता बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल विशेष टीमों का गठन किया। पथरी थाना पुलिस, सीआईयू और एफएसएल टीमों ने लगातार छापेमारी, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई।लगातार पांच दिनों तक चली कार्रवाई के बाद 17 जुलाई को पुलिस ने फुलगढ़ के जंगल क्षेत्र से सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश उर्फ मंत्री, मोहित कुमार, सुमित, आशु, शुभम और आकाश के रूप में हुई है। सभी आरोपी गांव फुलगढ़, थाना पथरी के निवासी हैं पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना तेजी से पूरी कर जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी ताकि आरोपियों को शीघ्र सजा दिलाई जा सके।एसएसपी नवनीत सिंह का कहना है महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ अपराध करने वालों के प्रति हरिद्वार पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे जघन्य अपराधों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस साक्ष्यों के आधार पर मजबूत पैरवी कर आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का हरसंभव प्रयास करेगी।

Related Articles

Back to top button