हरिद्वार

गढ़वाल आयुक्त का भगवानपुर तहसील में औचक निरीक्षण

जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने के दिए सख्त निर्देश

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने शनिवार को भगवानपुर तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर राजस्व एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं का अवलोकन कर अभिलेखों की जांच की और अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं संवेदनशील ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि तहसील कार्यालय में अपनी समस्याओं और कार्यों के लिए आने वाले क्षेत्रवासियों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। प्रत्येक शिकायत और राजस्व प्रकरण का तत्परता से समाधान किया जाए तथा जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए ताकि लोगों को समय पर न्याय और राहत मिल सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील क्षेत्र में सरकारी भूमि पर हो रहे संभावित अवैध अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए और सार्वजनिक संपत्तियों की हर हाल में सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। मानसून की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिवृष्टि, जलभराव, कटाव अथवा अन्य प्राकृतिक आपदाओं की किसी भी स्थिति में प्रशासन पूरी तत्परता के साथ कार्य करे। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्यों में देरी नहीं होनी चाहिए और प्रभावित परिवारों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी और आपदा प्रबंधन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान तहसील प्रशासन ने आयुक्त को राजस्व कार्यों की प्रगति, जनसुनवाई व्यवस्था, अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई और मानसून की तैयारियों से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी, तहसीलदार दयाराम, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित तहसील के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button