हरिद्वार

स्कूल वाहनों पर सख्ती, दूसरे दिन 45 वाहनों के चालान, सुरक्षा मानकों में लापरवाही पर कार्रवाई

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जनपद में विद्यालय वाहनों के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष सघन जांच अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीमों ने विभिन्न स्कूलों और प्रमुख मार्गों पर स्कूल बसों व अन्य विद्यालय वाहनों की जांच कर सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 45 विद्यालय वाहनों के चालान किए गए। जांच के दौरान अधिकारियों ने वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, लेडी अटेंडेंट की उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की गहन पड़ताल की। कई वाहनों में फिटनेस और परमिट संबंधी खामियां, वैध ड्राइविंग लाइसेंस का अभाव, अग्निशमन यंत्र और फर्स्ट एड बॉक्स न होना तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप लेडी अटेंडेंट की अनुपस्थिति जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। परिवहन विभाग ने विद्यालय प्रबंधन और वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विद्यालय वाहन केवल वैध दस्तावेजों और अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों के साथ ही संचालित किए जाएं। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों की अनदेखी करने वाले विद्यालय वाहनों के विरुद्ध और अधिक कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विशेष प्रवर्तन अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा। अभियान में परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती, परिवहन कर अधिकारी सुश्री वरुणा सैनी, परिवहन उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार सहित विभाग की प्रवर्तन टीम सक्रिय रूप से शामिल रही।

Related Articles

Back to top button