स्कूल की जमीन पर चला प्रशासन का बुलडोजर
अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराई प्राथमिक पाठशाला की भूमि
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। प्राथमिक पाठशाला इब्राहिमपुर की भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए विद्यालय की जमीन को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करा लिया। ग्राम इब्राहिमपुर देह स्थित खसरा संख्या 360 राजस्व अभिलेखों में प्राथमिक पाठशाला इब्राहिमपुर की भूमि के रूप में दर्ज है। जॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की के निर्देशों के क्रम में तहसीलदार रुड़की के नेतृत्व में राजस्व विभाग एवं नगर पंचायत रामपुर की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में विद्यालय की भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाकर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। कार्रवाई के बाद अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि को नियमानुसार शिक्षा विभाग की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया। इससे अब विद्यालय की भूमि का उपयोग शिक्षा एवं विद्यालय से जुड़ी आवश्यक गतिविधियों के लिए सुनिश्चित किया जा सकेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी, सार्वजनिक एवं शैक्षणिक उपयोग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता के अनुसार भूमि को संबंधित विभाग के कब्जे में सौंपा जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के साथ-साथ विद्यालय की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।









