लक्सर और नारसन ब्लॉक में पूर्व सैनिकों के लिए अवसर, ब्लॉक प्रतिनिधि के रिक्त पदों पर मांगे आवेदन
मानदेय के आधार पर होगी नियुक्ति, इच्छुक पूर्व सैनिक सात कार्य दिवसों के भीतर कर सकेंगे आवेदन

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, हरिद्वार के अंतर्गत लक्सर एवं नारसन ब्लॉक में ब्लॉक प्रतिनिधि के एक-एक रिक्त पद पर मानदेय के आधार पर नियुक्ति की जाएगी। उक्त पदों के लिए उत्तराखंड के मूल निवासी तथा संबंधित लक्सर अथवा नारसन ब्लॉक क्षेत्र के पूर्व सैनिकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) डॉ. सरिता पंवार ने बताया कि इच्छुक एवं पात्र पूर्व सैनिक सूचना प्रकाशित होने की तिथि से सात कार्य दिवसों के भीतर अपना आवेदन जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, हरिद्वार में प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की आयु 55 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। अभ्यर्थी चिकित्सकीय श्रेणी शेप-1 का होना चाहिए तथा उसका चरित्र एक्सेम्प्लरी होना अनिवार्य है। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने बताया कि नियुक्ति से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं अन्य आवश्यक शर्तें जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय, हरिद्वार से प्राप्त की जा सकती हैं। उन्होंने पात्र पूर्व सैनिकों से निर्धारित समयावधि के भीतर आवेदन प्रस्तुत कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।









