हरिद्वार

ऑपरेशन प्रहार का बड़ा वार: रानीपुर पुलिस ने दबोचे 4 आरोपी, मारपीट और धमकीकांड का खुलासा

अक्षय कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(अक्षय कुमार) हरिद्वार। पड़ोसी से चल रहे विवाद को निपटाने के लिए कथित तौर पर युवकों को मोहरा बनाकर एक व्यक्ति को रास्ते में रोककर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में रानीपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य साक्ष्यों और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि एक परिचित के माध्यम से उनकी मुलाकात शिवालिक नगर निवासी अधिवक्ता संदीप वर्मा से कराई गई थी। आरोप है कि अधिवक्ता ने पड़ोसी मोहित चौधरी के साथ चल रहे विवाद का हवाला देते हुए युवकों से उसे रास्ते में रोककर मारपीट करने और डराने के लिए कहा था।

दो बाइक से पहुंचे थे पांच युवक, रास्ते में रोककर की मारपीट

पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त की सुबह शिवालिक नगर निवासी मोहित चौधरी अपने घर से बीएचईएल ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-5 बी स्थित खोखा मार्केट के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवकों ने उनकी बुलेट मोटरसाइकिल के आगे बाइक लगाकर उन्हें रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और बेल्ट से मारपीट की तथा संदीप वर्मा को पांच लाख रुपये देने और जान से मारने की धमकी दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, चार आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना के बाद कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार सुरागरसी और पतारसी के बाद पुलिस ने न्यू टिहरी विस्थापित आर्मी ग्राउंड गुजर बस्ती क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें नौकरी लगवाने और रोशनाबाद में सब्जी की ठेली लगवाने का भरोसा दिलाया गया था। आरोप है कि मारपीट की घटना को अंजाम देने के लिए उन्हें तीन हजार रुपये भी दिए गए थे।

बुलेट की चाबी भी ले गए थे आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मोहित चौधरी का पीछा कर सेक्टर-5 स्थित खोखा मार्केट के पास सुनसान स्थान देखकर उन्हें रोक लिया। मारपीट और गाली-गलौज के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपी पीड़ित की मोटरसाइकिल की चाबी भी अपने साथ ले गए और बाद में उसे जंगल में फेंक दिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी
1. हरविंदर सिंह उर्फ बाबी उर्फ पहलवान, पुत्र कुलदीप सिंह, निवासी ग्राम मौजमपुर सदत, थाना नजीबाबाद, जिला बिजनौर, उम्र 23 वर्ष।
2. आकाश, पुत्र चंद्रया, निवासी ग्राम जुल्फकारपुर गड़ी, तहसील नजीबाबाद, जिला बिजनौर, उम्र 22 वर्ष।
3. ऋषभ, पुत्र मनोज, निवासी ग्राम ढाकी हुसैनपुर, थाना नजीबाबाद, जिला बिजनौर, उम्र 21 वर्ष।
4. हिमांशु, पुत्र मुनेश कुमार, निवासी ग्राम जगदीशपुर, नजीबाबाद, जिला बिजनौर, उम्र 21 वर्ष।

यह पुलिस टीम रही कार्रवाई में शामिल
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, उपनिरीक्षक मन्दीप सिंह, कांस्टेबल विवेक गुसांई, कांस्टेबल प्रेम सिंह और कांस्टेबल महेन्द्र सिंह शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button