एआरटीओ कार्यालय परिसर का संयुक्त निरीक्षण, अनधिकृत गतिविधियों पर प्रशासन की सख्ती
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में शनिवार को रोशनाबाद स्थित एआरटीओ कार्यालय परिसर का सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालय के विभिन्न अनुभागों एवं पटलों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान अभिलेखों एवं पंजिकाओं के रखरखाव, लंबित प्रकरणों, ई-ऑफिस व्यवस्था, साफ-सफाई तथा कार्यालय में आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी अभिलेख नियमित रूप से अद्यतन रखे जाएं तथा जनता से जुड़े मामलों का पारदर्शी, सरल और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान एआरटीओ कार्यालय परिसर एवं उसके आसपास अनधिकृत रूप से संचालित ढाबों तथा कुर्सी-मेज लगाकर बैठे व्यक्तियों को हटाया गया। कार्यालय के बाहर बिना किसी आवश्यक कार्य के अनावश्यक रूप से एकत्र लोगों को भी वहां से हटाते हुए परिसर और आसपास की व्यवस्था को सुव्यवस्थित कराया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कोई भी व्यक्ति बिना वैध कार्य के एआरटीओ कार्यालय परिसर अथवा उसके आसपास अनावश्यक रूप से न बैठे और किसी भी प्रकार की अनधिकृत गतिविधि में संलिप्त न हो।
प्रशासन की ओर से सख्त संदेश देते हुए कहा गया कि भविष्य में कोई व्यक्ति बिना कार्य के कार्यालय परिसर में पाया जाता है अथवा किसी प्रकार की अनधिकृत गतिविधि करते हुए पकड़ा जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा एवं एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने कार्यालय परिसर में अनुशासन, स्वच्छता और सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। आमजन से भी अपील की गई कि परिवहन विभाग से संबंधित अपने सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्वयं कराएं और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति अथवा बिचौलिए के संपर्क में न आएं। प्रशासन की इस कार्रवाई को एआरटीओ कार्यालय परिसर में पारदर्शिता, अनुशासन और बिचौलियों की भूमिका पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









