गांधी का सत्य-अहिंसा और शास्त्री की सादगी-कर्मनिष्ठा आज भी राष्ट्र के लिए प्रेरणापुंज: डॉ. राघवेंद्र चौहान
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। राजकमल साइंस एंड मैनेजमेंट कॉलेज बहादराबाद, हरिद्वार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात दीप प्रज्वलित कर महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर राजकमल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र चौहान ने कहा कि 02 अक्टूबर केवल दो महान विभूतियों की जयंती मनाने का दिन नहीं, बल्कि सत्य, सादगी, सेवा, त्याग और राष्ट्रप्रेम जैसे जीवन मूल्यों को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों का जीवन और उनके विचार समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से पूरी दुनिया को मानवता और शांति का संदेश दिया। गांधी जी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और हमें उनके आदर्शों को अपने आचरण में उतारने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी का ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देश की एकता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण की भावना का प्रतीक है। उनका सादा जीवन, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
डॉ. दीपा, विभागाध्यक्ष, वनस्पति विज्ञान ने कहा कि इन दोनों महान विभूतियों का जीवन हमें यह सिखाता है कि सच्ची महानता पद और शक्ति में नहीं, बल्कि चरित्र, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना में निहित है। आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों को केवल स्मरण करने तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने व्यक्तिगत, सामाजिक और राष्ट्रीय जीवन में व्यवहार का हिस्सा बनाएं।
विनीत कुमार, विभागाध्यक्ष, वाणिज्य ने कहा, “जहाँ गांधी जी का सत्य और अहिंसा है, वहीं शास्त्री जी की सादगी और कर्मनिष्ठा है। दोनों महान विभूतियों की शिक्षाएँ आज भी भारत को सत्य, सेवा और राष्ट्रहित के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्रों उर्मित, लक्ष्मी, मंतशा, अमन, हर्षिता, शगुन और सपना आदि ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन, विचारों तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में श्रीमती राजेश देवी, सचिव, राजकमल कॉलेज, प्रबंध समिति सदस्य दुष्यंत प्रताप एवं नितिन प्रताप सहित डॉ. दीक्षा चौहान, डॉ. नीरज शर्मा, डॉ. अनिरुद्ध कुमार, प्रवीण कुमार, अजय कुमार, सिया पाल, प्रिया सैनी, नैनसी चौहान, अरबाब राव, समीक्षा, विशाखा, सोनिया सारस्वत, रवि कुमार, भव्या, दुष्यन्त कुमार एवं राजदेव रावत सहित महाविद्यालय के शिक्षक, स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा राष्ट्रहित में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।









