महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचार आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत: मोहम्मद आरिफ चौधरी
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर भारतीय मजदूर परिषद के प्रदेश अध्यक्ष (उत्तराखंड) मोहम्मद आरिफ चौधरी ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि 2 अक्टूबर भारत के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण दिन है। इसी दिन देश ने दो ऐसे महान व्यक्तित्वों को जन्म लेते देखा, जिन्होंने अपने विचारों, संघर्ष, सादगी और राष्ट्रसेवा से भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण का आदर्श प्रस्तुत किया है। दोनों महापुरुषों का जीवन आज भी देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। मोहम्मद आरिफ चौधरी ने कहा कि गांधी के स्वच्छता और आत्मनिर्भरता के विचार तथा शास्त्री का “जय जवान, जय किसान” का संदेश आज भी प्रासंगिक है। हमें उनके विचारों को केवल जयंती तक सीमित न रखते हुए अपने जीवन और समाज में अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए सामाजिक एकता, श्रमिकों का सम्मान, स्वच्छता, ईमानदारी और आपसी भाईचारा बेहद आवश्यक है। यही दोनों महान विभूतियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।









