हरिद्वार

18 वर्षों से माँ गंगा की सेवा में जुटा एकम्स, कुंभ 2027 को देखते हुए स्वच्छता अभियान रहेगा निरंतर जारी

नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। माँ गंगा की निर्मलता और स्वच्छता के संकल्प के साथ एकम्स ग्रुप पिछले 18–19 वर्षों से निरंतर गंगा स्वच्छता अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे रहा है। कंपनी की यह पहल केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि गंगा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और समाज में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का भी प्रयास है।

इसी क्रम में एकम्स ग्रुप की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के अंतर्गत कंपनी के उच्च प्रबंधन के नेतृत्व में एकम्स द्वारा निर्मित अग्रसेन घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें कंपनी के कर्मचारियों और सफाईकर्मियों ने भाग लेकर घाट की स्वच्छता में योगदान दिया। इस वर्ष अभियान को व्यापक स्वरूप देते हुए अग्रसेन घाट से मालवीय घाट तक लगभग 2.7 किलोमीटर क्षेत्र में सफाई कार्य करने की योजना बनाई गई है।

हरिद्वार में आगामी कुंभ 2027 के आयोजन को देखते हुए गंगा घाटों की स्वच्छता का महत्व और बढ़ गया है। ऐसे में एकम्स ग्रुप द्वारा गंगा स्वच्छता के लिए किए जा रहे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। अभियान के तहत घाटों से कचरा हटाने तथा सफाई कार्य को प्रभावी बनाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त, व्यापक क्षेत्र में सफाई के लिए अतिरिक्त श्रमिकों की सहायता भी ली जा रही है।

एकम्स का उद्देश्य है कि कुंभ 2027 से पहले और उसके दौरान भी गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में योगदान दिया जाए। कंपनी का मानना है कि स्वच्छ गंगा और स्वच्छ घाट न केवल धार्मिक आस्था से जुड़े हैं, बल्कि हरिद्वार की पर्यावरणीय सुंदरता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

एकम्स के प्रबंध निदेशक श्री संदीप जैन ने कहा कि माँ गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और जीवन का अभिन्न अंग हैं। उनकी स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। एकम्स पिछले 18–19 वर्षों से गंगा स्वच्छता के प्रयासों में निरंतर योगदान दे रहा है और भविष्य में भी इस दिशा में अपनी भूमिका निभाता रहेगा।

उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ 2027 को ध्यान में रखते हुए गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने समाज से अपील की कि गंगा में कचरा एवं प्लास्टिक न डालें, घाटों को स्वच्छ रखें और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। सामूहिक प्रयासों से ही माँ गंगा की निर्मलता को बनाए रखते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

एकम्स ग्रुप की यह पहल कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक कल्याण के प्रति कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है। करीब दो दशकों से जारी यह अभियान गंगा की स्वच्छता के प्रति कंपनी के निरंतर प्रयासों का प्रमाण है।

अभियान में के.डी. शर्मा, इशांत कुमार, अमित, आशीष, राहुल, हरि शंकर, उज्ज्वल, मेघा, ऋत्विका सहित कंपनी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने माँ गंगा की स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाने में सहयोग दिया।

Related Articles

Back to top button