तड़के ही सुबह एआरटीओ नेहा झा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई, परमिट शर्तों के उल्लंघन और सुरक्षा मानकों में कमी पर परिवहन विभाग सख्त
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। सड़क सुरक्षा और यात्री वाहनों के नियमों के अनुरूप संचालन को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने शनिवार तड़के सुबह 4 बजे से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में कुल 62 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर चार बसों को सीज कर दिया गया। अभियान में स्लीपर, लग्जरी और पर्यटक बसों पर विशेष निगरानी रखी गई। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान संभागीय निरीक्षक (तकनीकी) आनंद वर्धन की टीम ने यात्री बसों के परमिट, फिटनेस, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, रिफ्लेक्टर और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान कुछ बसों में परमिट की शर्तों का उल्लंघन, पर्यटक परमिट का निर्धारित उद्देश्य से अलग उपयोग तथा वाहनों की स्वीकृत संरचना में अनधिकृत बदलाव जैसी अनियमितताएं सामने आई।
चेकिंग अभियान के दौरान बसों की तकनीकी स्थिति और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों पर विशेष ध्यान दिया गया। संभागीय निरीक्षक (तकनीकी) आनंद वर्धन ने बसों की स्वीकृत संरचना, सुरक्षा उपकरणों और अन्य तकनीकी मानकों की जांच की। विभाग का कहना है कि लंबी दूरी की यात्री बसों में तकनीकी मानकों की अनदेखी यात्रियों की जान के लिए खतरा बन सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग की टीम ने यात्री बसों के अलावा अन्य व्यावसायिक और मालवाहक वाहनों की भी जांच की। इस दौरान ओवरलोडिंग, आवश्यक दस्तावेजों की कमी और परिवहन नियमों के अन्य उल्लंघनों पर चालान किए गए। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना और यह सुनिश्चित करना रहा कि वाहन निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित हों।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में विशेष चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। जनपद में प्रवेश करने वाली और यहां से संचालित होने वाली स्लीपर, लग्जरी तथा पर्यटक बसों के परमिट, फिटनेस और तकनीकी मानकों की जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन स्वामियों एवं संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई को यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क पर नियमों का पालन कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









