एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में कार्रवाई, नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों को दी गई सख्त हिदायत
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। पड़ोसी राज्यों में हाल ही में हुई बस दुर्घटनाओं के मद्देनजर हरिद्वार में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने लग्जरी बसों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में लगातार तीसरे दिन भी चलाए गए इस अभियान के दौरान विभिन्न यातायात एवं परिवहन नियमों के उल्लंघन पर 35 चालान किए गए, जबकि दो बसों को सीज किया गया। सम्भागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद में प्रवेश करने वाली लग्जरी बसों की सघन जांच की जा रही है। अभियान का मुख्य उद्देश्य बसों का संचालन निर्धारित मानकों, वैध दस्तावेजों और परमिट की शर्तों के अनुरूप सुनिश्चित करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सुश्री नेहा झा एवं परिवहन कर अधिकारी सुश्री वरुणा सैनी के नेतृत्व में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान बसों के पंजीयन प्रमाणपत्र, फिटनेस, परमिट, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। इसके साथ ही निर्धारित यात्री क्षमता के अनुरूप संचालन तथा वाहनों में किए गए अनधिकृत बदलावों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। यात्री सुरक्षा से जुड़े तकनीकी मानकों के अनुपालन की भी पड़ताल की गई। परिवहन विभाग की टीम ने बस संचालकों एवं चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें। परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने तथा यात्रियों की सुरक्षा को खतरे में डालने वाली कमियां पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, लग्जरी बसों के विरुद्ध यह विशेष चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। लगातार की जा रही कार्रवाई का उद्देश्य नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के साथ यात्रियों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। परिवहन विभाग की सख्ती से बस संचालकों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।









