घर में गोकशी का खेल: भगवानपुर पुलिस ने पति-पत्नी को दबोचा, एक आरोपी फरार
फिरोज अहमद समाचार संपादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। जनपद में गोकशी और अवैध पशु कटान के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। भगवानपुर पुलिस ने ग्राम नन्हेड़ा अनंतपुर में छापेमारी कर घर में कथित रूप से गोकशी कर रहे एक महिला और एक पुरुष को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मौके से गोमांस, एक कुल्हाड़ी, चार छुरियां और अन्य उपकरण बरामद किए हैं, जबकि एक अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
एसएसपी हरिद्वार के सख्त निर्देशों पर लगातार जारी है कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने जनपद में अवैध पशु कटान और गोकशी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के पर्यवेक्षण में भगवानपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई अंजाम दी।
मुखबिर की सूचना पर घर में दी दबिश
जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को भगवानपुर पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नन्हेड़ा अनंतपुर में कुछ लोग गोकशी कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस को मौके पर एक महिला और एक पुरुष मिला, जिन्हें गोमांस और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के साथ हिरासत में ले लिया गया। वहीं, एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया।
गोमांस के साथ कुल्हाड़ी और चार छुरियां बरामद
पुलिस ने मौके से गोमांस के अलावा एक कुल्हाड़ी, चार छुरियां, एक लोहे का तसला और दो नायलॉन की रस्सियां बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अब्दुल गफ्फार पुत्र यासीन निवासी ग्राम नन्हेड़ा अनंतपुर तथा एक महिला के रूप में हुई है। महिला का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है।
गोवंश संरक्षण अधिनियम में मुकदमा दर्ज
मामले में भगवानपुर कोतवाली पुलिस ने मु0अ0सं0 477/2026 के तहत उत्तराखण्ड गोवंश संरक्षण अधिनियम की धारा 3/5/11 में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
उपनिरीक्षक मनोज कुमार, अपर उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार, महिला कांस्टेबल सोनम, कांस्टेबल मदन सिंह और होमगार्ड रोविन सिंह शामिल रहे।









