हरिद्वार

दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले को भी पहनना होगा हेलमेट

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। सड़क दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन सवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हरिद्वार यातायात पुलिस द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत दोपहिया वाहन पर चालक के साथ-साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति (पिलियन राइडर) के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य होने की जानकारी दी गई। निदेशालय यातायात, देहरादून के आदेशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार एवं पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक यातायात विपेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में हरिराम इंटर कॉलेज, कनखल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपनिरीक्षक यातायात मोहित सिंह एवं अपर उपनिरीक्षक यातायात प्रदीप कुमार सिंह ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। साथ ही हेलमेट के महत्व और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी समझाते हुए बताया कि दोपहिया वाहन पर सफर करने वाले चालक और पीछे बैठने वाले दोनों व्यक्तियों को हेलमेट पहनना चाहिए। यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में अन्य विद्यालयों और प्रमुख चौराहों पर भी जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इसके साथ ही हेलमेट नहीं पहनने वाले वाहन चालकों एवं पीछे बैठने वाले सवारों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन की कार्रवाई भी की जाएगी। यातायात पुलिस का संदेश है कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अनमोल जीवन की सुरक्षा के लिए पहनें। सुरक्षित सफर ही समझदारी भरा सफर है।

Related Articles

Back to top button