रुड़की

एक पेड़ उन लावारिस मृतकों के नाम: क्रांतिकारी शालू सैनी

इमरान देशभक्त रुड़की प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(इमरान देशभक्त) रुड़की। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष क्रांतिकारी शालू सैनी के नेतृत्व में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने विभिन्न स्थानों पर फलदार एवं छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण के साथ हुई, जिसमें नीम, पीपल, बरगद, अमलतास, अशोक तथा अन्य उपयोगी पौधे लगाए गए।उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का संकल्प लिया। ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष क्रांतिकारी शालू सैनी ने कहा कि परंपरागत अंतिम संस्कार लकड़ियों से होता है, इसलिए एक पेड़ उन मृतकों के नाम से लगाया जाएगा, जिनका अंतिम संस्कार शालू सैनी ने अपने हाथों से किया है।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि मानव जीवन की आवश्यकता बन चुका है। लगातार बढ़ते प्रदूषण, जंगलों की कटाई और जलवायु परिवर्तन के कारण पृथ्वी का संतुलन प्रभावित हो रहा है, यदि समय रहते हम सभी ने प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। अपने संबोधन में क्रांतिकारी शालू सैनी ने कहा कि वृक्ष केवल हमें ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि हमारे जीवन का आधार हैं। पेड़-पौधे पृथ्वी के फेफड़े हैं, जो वातावरण को शुद्ध रखते हैं और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखते हैं।आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि हम केवल एक दिन पौधे लगाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी न समझें,बल्कि उनकी देखभाल भी करें,ताकि वे बड़े होकर समाज और प्रकृति के लिए उपयोगी बन सकें।उन्होंने कहा कि आज पृथ्वी बढ़ते तापमान,जल संकट और प्रदूषण जैसी समस्याओं से जूझ रही है।इन चुनौतियों का सबसे सरल और प्रभावी समाधान अधिक से अधिक वृक्षारोपण है।प्रत्येक व्यक्ति यदि वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है।शालू सैनी ने कहा कि साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट केवल सामाजिक सेवा ही नहीं,बल्कि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य कर रहा है।ट्रस्ट का उद्देश्य लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक करना और हरित वातावरण के निर्माण में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना है।उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि वे सोशल मीडिया पर जागरूकता फैलाने के साथ-साथ धरातल पर भी पौधारोपण अभियान में भाग लें।उन्होंने आगे कहा कि स्वच्छ व स्वस्थ पर्यावरण प्रत्येक नागरिक का अधिकार है,लेकिन इसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी हम सभी की है,यदि हम आज पर्यावरण की रक्षा करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा,शुद्ध जल और सुरक्षित भविष्य प्रदान कर सकेंगे।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने तथा अधिकाधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी समय में भी पर्यावरण जागरूकता एवं वृक्षारोपण से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे,ताकि समाज में हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

Related Articles

Back to top button