हरिद्वार

चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासन हुआ अलर्ट, यातायात नियमों को लेकर दिशा निर्देश

टैक्सी यूनियन के साथ क्षेत्राधिकारी यातायात बिपेंद्र सिंह ने की बैठक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। आगामी चारधाम यात्रा को लेकर पुलिस ने कमर कस ली है, और चारधाम यात्रा में आने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर हरिद्वार पुलिस अलर्ट मोड पर दिखाई दे रही है। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह हरिद्वार के निर्देशित क्रम में आगामी चार धाम यात्रा सीजन के दृष्टिगत आज ट्रैफिक कार्यालय हरिद्वार पुलिस उपाधीक्षक यातायात बिपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हरिद्वार क्षेत्र के समस्त टैक्सी यूनियनों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान चार धाम यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन हेतु टैक्सी चालकों, वाहन स्वामियों एवं यूनियन पदाधिकारियों के दायित्वों के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। सभी संबन्धितों को निर्देशित किया गया कि वे अपने वाहनों में निर्धारित किराया सूची (रेट लिस्ट) अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें तथा फर्स्ट-एड बॉक्स की उपलब्धता सुनिश्चित करें।

इसके अतिरिक्त, यात्रा के दौरान यात्री सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन एवं पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देने हेतु निर्देशित किया गया। वाहन चालकों को शालीन व्यवहार बनाए रखने, ओवरलोडिंग न करने तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने हेतु भी निर्देशित किया गया।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में टैक्स यूनियन के पदाधिकारी के साथ-साथ प्रभारी यातायात निरीक्षक संदीप सिंह नेगी, परिवहन कर अधिकारी रविंद्र सैनी तथा यातायात उपनिरीक्षक मोहित रौथाण भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button