सीवरेज कार्यों के बाद सड़कों की मरम्मत तेज, श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हरिद्वार प्रशासन द्वारा सीवरेज कार्यों के बाद खोदी गई सड़कों की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में संबंधित विभाग एवं निर्माण एजेंसियां दिन-रात कार्य कर सड़क पुनर्निर्माण को तेजी से पूरा करने में जुटी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों एवं संबंधित कांट्रेक्टरों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चारधाम यात्रा के दृष्टिगत जिन सड़कों को सीवरेज कार्य हेतु खोदा गया है, उनका मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि स्थानीय जनता, व्यापारियों और तीर्थ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। परियोजना प्रबंधक, निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई, गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम मिनाक्षी मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के अंतर्गत पैकेज-01 एवं पैकेज-02 में सड़क पुनर्निर्माण कार्य तेजी से संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 28 मई को पैकेज-01 के अंतर्गत अहलूवालिया सीसी रोड पर 30.4 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। वहीं पैकेज-02 के अंतर्गत द्वारका विहार पावर ब्लॉक में 14 मीटर, गणपतिधाम फेस-3 पावर ब्लॉक में 15 मीटर, महेंद्र विहार पावर ब्लॉक में 91 मीटर तथा अजितेश विहार पावर ब्लॉक में 22 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। इस प्रकार विगत एक दिन में कुल 172.4 मीटर सड़क पुनर्निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। प्रशासन का कहना है कि आगामी दिनों में भी इसी गति से निर्माण कार्य जारी रहेगा, जिससे चारधाम यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।









