स्वच्छता अभियान में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई: छह के वेतन पर रोक
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था और कूड़ा निस्तारण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पंचायत राज अधिकारी हरिद्वार अतुल प्रताप सिंह ने जनपद के सभी छह सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) के मई 2026 के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा अपेक्षित सूचनाएं समय पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही थीं। साथ ही स्वच्छता अभियान और कूड़ा निस्तारण संबंधी व्यवस्थाओं की निगरानी में भी गंभीर लापरवाही सामने आई। जांच में यह भी पाया गया कि स्वजल योजना के तहत विकास खंडों को उपलब्ध कराए गए वाहनों का रोस्टर के अनुसार संचालन सुनिश्चित नहीं किया गया। इसके अलावा ग्राम पंचायतों में सूखे कूड़े के संग्रहण संबंधी शासनादेशों का समुचित अनुपालन और अनुश्रवण भी नहीं किया गया। नियमित रूप से सूचनाएं उपलब्ध न कराए जाने के कारण प्रशासनिक कार्यों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए जनपद के सभी छह सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) के मई माह के वेतन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के आदेश जारी किए गए हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता अभियान एवं पंचायत संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।









