हाथी की मौत से मचा हड़कंप, वन विभाग पर उठे सवाल: चर्चा
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। हरिद्वार क्षेत्र अंतर्गत बिल्केश्वर कॉलोनी के पास जंगल में एक हाथी की मौत से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही कई डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं, मामले को लेकर वन विभाग के अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन जवाब नहीं मिला। राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक से भी फोन पर संपर्क नहीं हो सका।
हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल से मीडिया को भी दूर रखा गया, जिससे मामले की जानकारी जुटाने में परेशानी हुई। हाथी की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। घटना ने वन्यजीवों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि हाथी की मौत कैसे हुई और वन विभाग इस मामले में कब तक आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक करेगा, ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा।









