हरिद्वार

चारधाम यात्रियों की सेहत से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त: डीएम मयूर दीक्षित

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने खाद्य पदार्थों में मिलावट और ओवररेटिंग के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने खाद्य सुरक्षा विभाग को जनपदभर में होटल, ढाबों, दुकानों और रेस्टोरेंटों पर लगातार छापेमारी करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा चारधाम यात्रा और गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सहायक आयुक्त एवं जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि विभाग की संयुक्त टीम ने आज हरिद्वार के प्रमुख क्षेत्रों हरकी पैड़ी, खड़खड़ी, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के आसपास संचालित अस्थायी खाद्य प्रतिष्ठानों, रेस्टोरेंट, ढाबों और डेयरियों का सघन निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान पनीर, दूध और तैयार खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए। निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का भी परीक्षण किया गया। साथ ही आमजन से प्राप्त शिकायतों का मौके पर निस्तारण भी किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा 2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सेहत के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट, खराब गुणवत्ता अथवा ओवररेटिंग पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि यह अभियान पूरे जनपद में लगातार जारी रहेगा, ताकि यात्रा मार्गों और धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

Related Articles

Back to top button