हरिद्वार

गड्ढामुक्त सड़कों के लिए डीएम मयूर दीक्षित का धरातलीय निरीक्षण, राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरम्मत कार्यों में तेजी के निर्देश

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपद में भारी वर्षा और कांवड़ यात्रा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों पर हुए गड्ढों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्वयं धरातल पर उतरकर स्थिति का जायजा लिया है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण करते हुए सड़क की स्थिति, गड्ढों और चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारी वर्षा एवं कांवड़ यात्रा के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और बने गड्ढों की त्वरित गति से मरम्मत सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन एवं वाहन चालकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे फ्लाईओवर निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। सड़क निर्माण एवं मरम्मत में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो और कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी के इस धरातलीय निरीक्षण से स्पष्ट है कि प्रशासन जनपद की सड़कों को बेहतर एवं सुरक्षित बनाने को लेकर गंभीर है। अधिकारियों को दिए गए त्वरित कार्रवाई के निर्देशों के बाद अब क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत में तेजी आने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button