बीएचईएल में नव-नियुक्त आर्टिजन प्रशिक्षुओं का भव्य स्वागत, एक वर्षीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरु
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) हरिद्वार में नव-नियुक्त आर्टिजन प्रशिक्षुओं के लिए मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडीसी) द्वारा “मॉड्यूल-एएमटू (ओरिएंटेशन)” नामक एक वर्षीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 61 आर्टिजन प्रशिक्षु भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बीएचईएल हरिद्वार के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) संतोष कुमार गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आर्टिजन प्रशिक्षुओं की भर्ती कंपनी के दीर्घकालिक व्यावसायिक लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए की गई है। उन्होंने बीएचईएल की कार्य-संस्कृति, राष्ट्र निर्माण में संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका तथा नव-नियुक्त प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य और जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती पूनम तिग्गा ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में आर्टिजनों की भर्ती बीएचईएल की निरंतर प्रगति और विस्तार का प्रतीक है। वहीं वरिष्ठ उप महाप्रबंधक (एचआरडीसी) हरीश सिंह बगवार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं उसकी रूपरेखा की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशिक्षुओं की व्यक्तिगत, पारस्परिक एवं संगठनात्मक प्रभावशीलता को बढ़ाना तथा उन्हें आधारभूत तकनीकी एवं व्यवहारिक अवधारणाओं की बेहतर समझ प्रदान करना है। इस अवसर पर उप महाप्रबंधक (एचआरडीसी) श्री आनन्द प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।









