हरिद्वार

हरिद्वार को मिली डिजिटल सुविधा की बड़ी सौगात, अत्याधुनिक UIDAI आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। हरिद्वार जिले के नागरिकों के लिए गुरुवार का दिन डिजिटल सुविधाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि लेकर आया। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा हरिद्वार में अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र (Aadhaar Seva Kendra) की शुरुआत कर जनपदवासियों को बड़ी सौगात दी गई है। कैबिनेट मंत्री एवं हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने फीता काटकर इस आधुनिक आधार सेवा केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं अपना आधार अपडेट कराकर नागरिकों को संदेश दिया कि अब आधार से संबंधित महत्वपूर्ण सेवाओं के लिए उन्हें देहरादून जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि हरिद्वार में आधार सेवा केंद्र की स्थापना डिजिटल उत्तराखंड और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे आम नागरिकों को सरल, सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से आधार संबंधी सेवाएं अपने ही जिले में उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने जनपदवासियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि 5 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (Mandatory Biometric Update-MBU) समय पर अवश्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए आधार का बायोमेट्रिक अपडेट स्कूल प्रवेश, छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। UIDAI द्वारा 30 सितंबर 2026 तक यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। नए आधार सेवा केंद्र के शुरू होने से अब नागरिक आधार नामांकन, मोबाइल नंबर अपडेट, फोटो अपडेट, पता परिवर्तन, जनसांख्यिकीय एवं बायोमेट्रिक अपडेट, आधार विवरण में त्रुटि सुधार तथा शिकायत निवारण सहित विभिन्न आवश्यक सेवाएं हरिद्वार में ही प्राप्त कर सकेंगे। इस सुविधा से हरिद्वार के साथ-साथ रुड़की, लक्सर, भगवानपुर और आसपास के क्षेत्रों के लाखों नागरिकों को लाभ मिलेगा तथा उनका समय और धन दोनों बचेगा। इस अवसर पर निदेशक कुमार उज्ज्वल ने जानकारी देते हुए बताया कि आधार सेवा केंद्र सीधे UIDAI द्वारा संचालित किए जाते हैं। इन केंद्रों को पूर्णतः समावेशी एवं नागरिक-अनुकूल बनाया गया है। केंद्र में व्हीलचेयर सुगम्यता, सुगम्य शौचालय तथा समर्पित शिकायत निवारण तंत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र को आठ आधुनिक संचालन किटों से सुसज्जित किया गया है, जिससे नागरिकों को तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। यह आधार सेवा केंद्र सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर सप्ताह के सभी दिनों में संचालित रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आधार सेवा केंद्र का प्रबंधन एक UIDAI आधार सेवा केंद्र प्रबंधक द्वारा किया जाता है, जो नागरिकों की शिकायतें प्राप्त कर उनके समयबद्ध समाधान की व्यवस्था सुनिश्चित करता है। नागरिक आधार सेवाओं के लिए UIDAI के ऑनलाइन अपॉइंटमेंट पोर्टल के माध्यम से भी अपनी सुविधा अनुसार समय निर्धारित कर सकते हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी, पार्षद सत्येंद्र चौधरी, उप महानिदेशक अविनाश अग्रवाल, UIDAI एसीटेट मैनेजर नीतीश सैनी, ब्रांच मैनेजर गौरव राणा, सागर सिंह चौहान, सुभाष शर्मा, नागेंद्र सिंह, सत्यपाल चौहान, UIDAI क्षेत्रीय कार्यालय दिल्ली एवं मीडिया प्रतिनिधि, UIDAI आधार सेवा केंद्र के कर्मचारी तथा सेवा प्रदाता कंपनी मेसर्स बीएलएस इंटरनेशनल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button