सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र के औचक निरीक्षण में अनुपस्थित अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश
इमरान देशभक्त रुड़की प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(इमरान देशभक्त) रुड़की। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने मंगलवार को विकास खंड कार्यालय रुड़की का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों एवं जन-कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक विकास अधिकारी पंचायत बिना पूर्व अवकाश स्वीकृति के अनुपस्थित पाए गए। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। सीडीओ ने वीबी जीरामजी योजना की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित योजनाओं का लाभ महिला स्वयं सहायता समूहों तक समय पर पहुंचाने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही सीडीओ ने स्वरोजगार योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर संचालित करने, आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण विकास कार्यक्रमों को गति देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सुमन कुटियाल सहित विकास खंड के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









