ट्रांसफार्मर से उड़ा एक फेस, शिवलोक कॉलोनी के कुछ घरों की हुई बत्ती गुल
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। शिवलोक कॉलोनी फेस-2 में ट्रांसफार्मर से एक फेस उड़ने के कारण कॉलोनी के कई घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। दिनभर डिम आती बिजली के बावजूद समय रहते कार्रवाई न होने से क्षेत्रवासियों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शनिवार से ही फेस-2 क्षेत्र में बिजली की सप्लाई बार-बार कम-ज्यादा हो रही थी। इस समस्या की सूचना विद्युत विभाग को पहले ही दे दी गई थी, लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। देर शाम जब लाइनमैन मौके पर पहुंचा और ट्रांसफार्मर की जांच की गई, तब सामने आया कि ट्रांसफार्मर का एक फेस पूरी तरह जल चुका है, जिससे कॉलोनी के कई घरों की बिजली गुल हो गई।
बिजली बहाली की उम्मीद लगाए बैठे कॉलोनीवासियों को उस समय करारा झटका लगा, जब उन्हें बताया गया कि अब बिजली रविवार दोपहर 12 से 1 बजे के बीच ही आएगी। विभाग की इस उदासीनता को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
इस मामले में जब विद्युत विभाग के एसडीओ से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी देर शाम मिली है। रविवार को ट्रांसफार्मर बदला जाएगा, उसके बाद ही शिवलोक कॉलोनी फेस-2 की बिजली आपूर्ति बहाल हो सकेगी।
वहीं क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा बड़े साहब को फोन किया गया उसके बावजूद विभाग में बैठे बड़े साहब ने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा।









