हरिद्वार

महानगर कांग्रेस ने की सड़क दुर्घटना में घायल तुषार कपिल को पर्याप्त उपचार और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग

अक्षय कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(अक्षय कुमार) हरिद्वार। युवा कांग्रेस नेता तुषार कपिल के सड़क दुर्घटना में घायल होने पर रोष व्यक्त करते हुए महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भूपतवाला में प्रदर्शन किया और घायल तुषार कपिल को उचित उपचार दिए जाने व पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर असुरक्षित सीवर के ढक्कनों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। विरोध प्रदर्शन के दौरान महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमन गर्ग ने तुषार कपिल के गंभीर रूप से घायल होने पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस परिवार तुषार के साथ है। उन्होंने कहा कि तुषार के परिवार को उपचार के लिए किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जानी चाहिए और प्रशासन को तत्काल आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करना चाहिए। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर और डा.सुशील शर्मा ने कहा कि हरिद्वार की जनता कब तक अधूरे कामों और असुरक्षित सड़कों की कीमत अपने शरीर पर चोट खाकर चुकाती रहेगी। सड़क से ऊपर उठे सीवर के ढक्कन वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा हैं। यदि सड़क पर सुरक्षित चलने के लिए भी जनता को धरना-प्रदर्शन करना पड़े, तो यह जिम्मेदार विभागों के कामकाज पर बड़ा सवाल है। युवा नेता वरुण बालियान और यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नितिन तेश्वर ने कहा कि विभागों को जिम्मेदारी से काम करना चाहिए। दुर्घटना के खतरे वाले स्थान पर मरम्मत, चेतावनी संकते और सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए जाने से लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। वरिष्ठ नेता अशोक शर्मा और ब्लॉक अध्यक्ष अजय गिरी ने कहा कि दुर्घटना के बाद औपचारिकता निभाने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होती, जनता को ऐसी व्यवस्था चाहिए जिसमें दुर्घटनाओं को रोकने के लिए समय पर काम हो और लापरवाही सामने आने पर ठोस कार्रवाई की जाए। यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया और महानगर कांग्रेस महासचिव तरुण व्यास ने कहा कि भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को जवाब देना होगा कि विकास के दावों के बीच आम नागरिक की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित क्यों नहीं हो पा रही है। श्रमिक नेता वीरेंद्र श्रमिक और युवा नेता ओम मलिक ने कहा कि दुर्घटनास्थल का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराया जाए तथा निष्पक्ष जांच के माध्यम से दुर्घटना के कारणों और संबंधित कार्य में संभावित लापरवाही की जिम्मेदारी तय की जाए। जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों, कार्यदायी संस्था अथवा ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई हो। साथ ही भूपतवाला सहित आसपास के क्षेत्र में सभी ऊंचे, क्षतिग्रस्त और असुरक्षित सीवर ढक्कनों का सर्वे कर उन्हें सड़क के स्तर के अनुरूप सुरक्षित बनाया जाए। मरम्मत पूरी होने तक खतरनाक स्थानों पर स्पष्ट चेतावनी संकेत, पर्याप्त प्रकाश और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शन में मुख्य रूप से महानगर कांग्रेस सचिव करन सिंह राणा, गौरव गोस्वामी, मोहित अरियाल, तरनजीत सिंह, शुभम यादव, मोहित अरियाल,डुंगर सिंह,अमन ठाकुर, योगेश त्यागी, अखिल त्यागी, विकास चंद्रा, रितेश आदि कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।।

Related Articles

Back to top button