विधायक उमेश कुमार शर्मा बोले-जनता अब सिर्फ झंडे-डंडे उठाने वाली नहीं, जवाब मांगने वाली बनेगी
राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने पार्टी को बताया मजबूत तीसरा विकल्प
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जन निर्माण पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। रुड़की मंगलौर हाईवे स्थित एक निजी होटल में आयोजित भव्य सदस्यता ग्रहण समारोह में क्षेत्रभर से आए सैकड़ों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। कार्यक्रम में खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा, जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह के दौरान 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी जन निर्माण पार्टी का दामन थामा है। पार्टी नेताओं ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संकल्प लिया है। समारोह को संबोधित करते हुए खानपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा ने कहा कि हरिद्वार की जनता को वर्षों तक केवल राजनीतिक दलों के झंडे और डंडे उठाने तक सीमित रखा गया है, जबकि क्षेत्र को अपेक्षित विकास नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि अब जनता जागरूक हो रही है और समय आ गया है कि बड़े नेता जनता के सवालों का जवाब दें। उन्होंने कहा कि दिल्ली जाने वाले नेताओं का रास्ता हरिद्वार से होकर गुजरता है, इसलिए अब जनता की अनदेखी करना आसान नहीं होगा। वहीं जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने कहा कि प्रदेश की जनता अब जन निर्माण पार्टी को एक मजबूत तीसरे विकल्प के रूप में देख रही है। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि लगातार बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। पार्टी का उद्देश्य जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देना और विकास आधारित राजनीति को आगे बढ़ाना है। कार्यक्रम के अंत में पार्टी में शामिल हुए सभी नए सदस्यों का सम्मान किया गया और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया गया है। और विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से जन निर्माण पार्टी आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।









