लक्सर में बहुद्देशीय शिविर, 452 लोगों ने उठाया सरकारी योजनाओं का लाभ
325 लाभार्थी योजनाओं से लाभान्वित, 8 शिकायतों का मौके पर ही हुआ निस्तारण

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। सेवा संकल्प अभियान जन जन की सरकार जन जन के द्वार के तहत गुरुवार को लक्सर विकासखंड सभागार में बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। राज्य मंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 452 नागरिकों ने प्रतिभाग किया, जबकि 325 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। शिविर में 25 विभागों ने स्टॉल लगाकर क्षेत्रवासियों को जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान 8 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर ही शत प्रतिशत निस्तारण किया गया। वहीं 52 लोगों को विभिन्न प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस दौरान राज्य मंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। शिविर में महिला समूहों की महिलाओं को चेक भी वितरित किए गए। इस दौरान पूर्व विधायक संजय गुप्ता, एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष तरुण नय्यर, मंडल अध्यक्ष पृथ्वी सिंह राणा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।









