01 अक्टूबर से खनन सत्र 2026-27 शुरू, जिलाधिकारी ने दिए न्यायालय एवं एनजीटी के आदेशों के पालन के निर्देश
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार में आगामी खनन सत्र 2026-27 की समस्त खनन संक्रियाएं 01 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ कर दी गई हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने 30 सितंबर 2026 को आदेश जारी कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में शासन के निर्देशों के अनुपालन एवं राजस्व हित को ध्यान में रखते हुए 01 अक्टूबर से सभी खनन संक्रियाएं अनिवार्य रूप से प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि खनन कार्यों को प्रारंभ करने में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब न किया जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खनन प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही माननीय उच्च न्यायालय नैनीताल एवं राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी), नई दिल्ली द्वारा पारित आदेशों का भी पूर्ण रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से खनन गतिविधियों की सतत निगरानी करते हुए शासन, न्यायालय एवं एनजीटी के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।









