पथरी पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, लूट के महज 5 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार के थाना पथरी क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज पांच घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान बरामद करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस के मुताबिक ज्वालापुर निवासी नीरज नाम के व्यक्ति ने थाना पथरी में तहरीर देकर बताया कि वह अपने दोस्त नवलदीप निवासी कनखल के साथ किसी काम से धनपुरा आया था। इसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट की और दो सोने की अंगूठियां एक चांदी की चेन, एक चांदी का कड़ा, एक चांदी का लॉकेट तथा दो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पथरी पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किया गया घटना का खुलासा करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस लगातार संदिग्धों की जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान आज मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लक्सर रोड स्थित रविदास मंदिर के पास तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान बरामद किया। दोनों पीड़ितों ने बरामद सामान की पहचान करने के साथ ही आरोपियों की भी शिनाख्त की। पुलिस के मुताबिक, मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में लक्सर और पथरी क्षेत्र के युवक शामिल है पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण कुमार और रितिक दोनों निवासी गांव टांडा भागमल, थाना लक्सर हरिद्वार, जबकि तीसरे आरोपी की पहचान विशाल निवासी शाहपुर थाना पथरी हरिद्वार के रूप में हुई है। सोने चांदी के जेवर मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पीली धातु की अंगूठियां, एक सफेद धातु की चेन, एक सफेद धातु का कड़ा, एक सफेद धातु का लॉकेट, दो मोबाइल फोन और एक एटीएम कार्ड बरामद किया है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है।थाना पथरी पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, फेरुपुर चौकी प्रभारी एसआई मोहन कठैत, कांस्टेबल जयपाल चौहान, रविंद्र बिष्ट, कान्ति राम शर्मा और वीरेंद्र चौहान सहित पुलिस टीम शामिल रही।









